चौदह साल बाद फिर लौटी मसूरी शरदोत्सव की रौनक, भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ शुभारंभ,

मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में लंबे अंतराल के बाद आखिरकार मसूरी शरदोत्सव की रंगत फिर लौट आई। आज सर्वे फील्ड से गांधी चौक (किताब घर) तक निकली भव्य शोभायात्रा के साथ शरदोत्सव का विधिवत शुभारंभ हुआ। हालांकि सूबे के मुख्यमंत्री और मंत्री गणेश जोशी की गैरमौजूदगी से लोगों में मायुसी देखने को मिली।

आज मसूरी शरदोत्सव में उत्तराखंड की संस्कृति  के साथ ही अन्य राज्यों से आए कलाकारों की आकर्षक झांकियां मुख्य आकर्षण रहीं। ढोल-दमाऊं और लोक वाद्य यंत्रों की थाप पर कलाकारों ने सभी का मन मोह लिया। शहरवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।  बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा पहन कर शोभा यात्रा में उत्तराखंड की लोक-संस्कृति की झलक देखकर  स्थानीय और पर्यटकों को आकर्षित किया। साथ ही स्कूली बच्चों में भी प्रतिभाग किया। साथ ही पंजाब, हरियाणा, और जम्मू-कश्मीर की संस्कृति भी लोगों को यहां देखने को मिली।

उल्लेखनीय है कि मसूरी शरदोत्सव का इतिहास काफी पुराना है। सर्वप्रथम सन 1952 में अक्टूबर माह में मसूरी शरदोत्सव का आयोजन किया गया था। इसकी सफलता के बाद प्रदेश में अन्य स्थानों पर भी शरदोत्सव मनाए जाने लगे, लेकिन मसूरी शरदोत्सव की पहचान सबसे अलग रही है।

पिछले चौदह सालों से शरदोत्सव की जगह विंटर कार्निवाल ने ले ली थी, जिसका आयोजन दिसंबर के अंतिम सप्ताह में किया जाता था। इसमें स्थानीय कलाकारों को मंच कम मिल रहा था, जिससे स्थानीय कलाकारों और संस्कृति प्रेमियों में भारी नाराजगी थी।

इसी को देखते हुए प्रदेश के जाने-माने संस्कृति प्रेमियों और समाजसेवियों ने शरदोत्सव को पुनर्जीवित करने का बीड़ा उठाया। उत्तराखंडी संस्कृति के ध्वजवाहक और उत्तराखंडी फिल्मों को बढ़ावा देने वाले प्रदीप भंडारी, जाने-माने एंकर व समाजसेवी अनिल गोदियाल और राजेंद्र रावत के अथक प्रयासों को नगरपालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने हरी झंडी दी, जिसके बाद आज इस ऐतिहासिक आयोजन का शुभारंभ हो सका।

नगरपालिका अध्यक्ष ने कहा कि शरदोत्सव मसूरी की सांस्कृतिक पहचान है, इसे हर साल और भव्य रूप में मनाया जाएगा ताकि स्थानीय प्रतिभाओं को उचित मंच मिल सके इस अवसर पर जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी, अधिशासी अधिकारी, पूर्व पालिकाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, पूर्व पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल, पूर्व पालिकाध्यक्ष ओपी उनियाल,अनूज गुप्ता पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष एवं पूर्व सभासद कैंट नरेंद्र सिंह पडियार,  रंगकर्मी और जिनके अथक प्रयासों से मसूरी की रौनक  फिर से धरातल पर आई राजेन्द्र सिंह रावत , प्रदीप भंडारी अनिल गोदियाल, भाजपा के मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, अनीता धनाई,विजय रमोला आदि बड़ी संख्या में मसूरी वासियों ने बड़ी में मौजूद रहे । कार्यक्रम का संचालन अनिल गोदियाल ने किया।

शरदोत्सव के शुभारंभ के अवसर पर नहीं पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, लोगों में दिखी मायूसी

आज शरदोत्सव के शुभारंभ पर मुख्य अतिथि सूबे के मुख्यमंत्री धामी को रहना था पर वो नहीं पहुंचे और नहीं मंत्री गणेश जोशी जिससे लोगों में मायूसी दिखाई दी ।लोग उम्मीद लगाये थे कि चुनावी समय में मसूरी की दुर्दशा को देखते हुए सूबे के मुख्यमंत्री धामी मसूरी को कोई बड़ी सौगात देंगे। दो सितंबर को भी मुख्यमंत्री धामी शहिद स्थल पर किन्हीं कारणों से नहीं पहुंच पाए थे । आज लोग उम्मीद लगाए थे ।पर फिर उन्हें मायूसी हाथ लगी।