भाजपा प्रदेश कार्यालय में अंदरुनी सियासत तेज,अपने ही विधायकों की घेराबंदी में जुटे कुछ पदाधिकारी ?

गिरिराज उनियाल-

2027के विधानसभा चुनाव से पहले संगठन के भीतर खींचतान की चर्चाएं तेज, कई विधानसभा क्षेत्रों में विधायकों की कार्यशैली और लोकप्रियता को लेकर सवाल उठाने की रणनीति पर चर्चा _

 

 

देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। सत्तारूढ़ भाजपा जहां लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की रणनीति तैयार करने में जुटी है, वहीं पार्टी के भीतर संगठन और जनप्रतिनिधियों के बीच आपसी तालमेल को लेकर भी चर्चाएं सामने आने लगी हैं। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा जोर पकड़ रही है कि भाजपा प्रदेश कार्यालय में बैठे कुछ पदाधिकारी अपनी ही पार्टी के विधायकों के खिलाफ माहौल बनाने में जुटे हैं। आरोप है कि कुछ पदाधिकारी विधायकों की कार्यशैली, लोकप्रियता और क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों को लेकर नकारात्मक फीडबैक तैयार कर रहे हैं।

चर्चाओं के अनुसार, संगठन के कुछ पदाधिकारी कई विधानसभा क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर हस्तक्षेप कर रहे हैं। इतना ही नहीं, कुछ विधायकों के टिकट कटने की संभावनाओं को लेकर मीडिया में भी खबरें सामने आ रही हैं। जबकि भाजपा जैसी बड़ी राजनीतिक पार्टी में टिकट का फैसला संगठनात्मक सर्वे, चुनावी परिस्थितियों, जनप्रतिनिधियों के प्रदर्शन और केंद्रीय नेतृत्व के आकलन के आधार पर होता है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब सर्वे की प्रक्रिया गोपनीय रहती है तो टिकट कटने की चर्चाएं मीडिया तक कैसे पहुंच रही हैं? क्या इसके पीछे कोई सुनियोजित रणनीति काम कर रही है?

त्रिवेंद्र सरकार के समय भी उठे थे संगठन की भूमिका पर सवाल

उत्तराखंड भाजपा में संगठन और सरकार के बीच खींचतान की चर्चा कोई नई नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के कार्यकाल के दौरान भी प्रदेश संगठन में बैठे कुछ पदाधिकारियों की भूमिका को लेकर सवाल उठते रहे थे। त्रिवेंद्र सिंह रावत अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा नहीं कर पाए और मार्च 2021 में उन्हें मुख्यमंत्री पद छोड़ना पड़ा।

उस समय राजनीतिक हलकों में यह चर्चा रही कि सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के बजाय संगठन के कुछ लोग सरकार के खिलाफ नकारात्मक माहौल बनाने में लगे थे। यह आरोप भी लगाए जाते रहे कि दिल्ली में बैठे संगठन के कुछ प्रभावशाली नेता प्रदेश सरकार के कामकाज में पर्दे के पीछे से हस्तक्षेप करना चाहते थे। उनके करीबी माने जाने वाले कुछ पदाधिकारियों के माध्यम से हाईकमान तक सरकार के खिलाफ फीडबैक पहुंचाया जा रहा था।

हालांकि उस दौर में मुख्यमंत्री परिवर्तन के कई राजनीतिक और संगठनात्मक कारणों की चर्चा हुई थी, लेकिन संगठन के भीतर समानांतर शक्ति केंद्रों की बहस आज भी राजनीतिक चर्चाओं में याद की जाती है।डोईवाला स ऋषिकेश तक कई सीटों पर

वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में डोईवाला, देहरादून कैंट, ऋषिकेश, पौड़ी, मसूरी, यमुनोत्री, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमकेश्वर, चौबट्टाखाल, कालाढूंगी, सोमेश्वर और रायपुर सहित कई विधानसभा क्षेत्रों को लेकर संगठनात्मक गतिविधियों की चर्चा है।

इन क्षेत्रों में विधायकों की कार्यशैली, लोकप्रियता और संगठन के साथ उनके संबंधों को लेकर सवाल उठाए जाने की बातें सामने आ रही हैं। राजनीतिक चर्चाओं में यह भी कहा जा रहा है कि कुछ पदाधिकारी अपने-अपने पसंदीदा लोगों को आगे बढ़ाने के लिए वर्तमान विधायकों की राजनीतिक जमीन कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। यदि ऐसा है तो यह पार्टी के भीतर संगठनात्मक अनुशासन और आपसी विश्वास के लिए गंभीर विषय है।

डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला: लोकप्रियता और उल्लेखनीय कार्यों का भी हो मूल्यांकन

डोईवाला विधानसभा की बात करें तो विधायक बृजभूषण गैरोला को लेकर भी संगठन के भीतर चर्चाएं होने की बातें सामने आ रही हैं। जबकि किसी भी जनप्रतिनिधि का मूल्यांकन केवल राजनीतिक समीकरणों या किसी पदाधिकारी के फीडबैक से नहीं किया जा सकता। उसके लिए क्षेत्र में उसकी सक्रियता, जनता के बीच उपलब्धता, जनसमस्याओं के समाधान के प्रयास और कराए गए विकास कार्यों को भी देखना जरूरी है।

बृजभूषण गैरोला के कार्यकाल में डोईवाला क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं, विकास संबंधी मांगों और स्थानीय आवश्यकताओं को लेकर उनकी सक्रियता का मूल्यांकन जमीनी स्तर पर होना चाहिए। क्षेत्र की जनता के बीच उनकी स्वीकार्यता और उनके द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों को भी राजनीतिक आकलन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।

ऐसे में सवाल यह है कि यदि कोई विधायक अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप काम कर रहा है तो उसके राजनीतिक मूल्यांकन का आधार क्या होना चाहिए? क्या कुछ पदाधिकारियों की व्यक्तिगत राय को जनभावनाओं से ऊपर रखा जा सकता है? पार्टी नेतृत्व को ऐसे मामलों में निष्पक्षता से वास्तविक स्थिति का आकलन करना होगा।

रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ की जीत भी चर्चा के केंद्र में

रायपुर विधानसभा के विधायक उमेश शर्मा काऊ का उदाहरण भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने पिछले विधानसभा चुनाव में प्रदेश में सबसे बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी। उनकी राजनीतिक सक्रियता और क्षेत्र में जनसंपर्क को लेकर भी चर्चा होती रही है। इसके बावजूद यदि उनके कामकाज और लोकप्रियता को लेकर पार्टी के भीतर ही सवाल उठाए जा रहे हैं तो संगठन को यह समझना होगा कि किसी जनप्रतिनिधि का आकलन किन आधारों पर किया जा रहा है।

किसी भी विधानसभा क्षेत्र में जनता के बीच विधायक की स्वीकार्यता, चुनावी प्रदर्शन और विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति को नजरअंदाज कर केवल आंतरिक राजनीतिक समीकरणों के आधार पर राय बनाना उचित नहीं होगा।

मुख्यमंत्री पद की दावेदारी की चर्चाओं ने भी बढ़ाई हलचल

इसी बीच प्रदेश संगठन की एक महिला पदाधिकारी के समर्थकों द्वारा उन्हें वर्ष 2027 में मुख्यमंत्री पद का प्रबल दावेदार बताए जाने की चर्चाएं भी राजनीतिक गलियारों में हैं। सवाल यह है कि संगठन में पद और राजनीतिक महत्वाकांक्षा के बीच संतुलन कैसे कायम रखा जा रहा है?

राजनीति में महत्वाकांक्षा रखना गलत नहीं है, लेकिन संगठनात्मक जिम्मेदारी का उपयोग व्यक्तिगत राजनीतिक जमीन तैयार करने के लिए किए जाने के आरोपों को गंभीरता से देखना जरूरी है। पार्टी में वर्षों से काम कर रहे मूल कार्यकर्ताओं की भूमिका और उनके मूल्यांकन को लेकर भी असंतोष की चर्चाएं हैं। कई पुराने कार्यकर्ता आज भी संगठनात्मक गतिविधियों और नारों तक सीमित रह जाते हैं, जबकि पदों पर बैठे लोगों की राजनीतिक स्वीकार्यता और वास्तविक जनाधार पर भी सवाल उठते हैं।

विपक्ष को बैठे-बिठाए मिल सकते हैं मुद्दे

वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव भाजपा के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक चुनौती होगा। विपक्ष पहले से ही सरकार के कामकाज, स्थानीय समस्याओं, बेरोजगारी, सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य जनसरोकारों को लेकर सवाल उठाने की तैयारी में रहेगा। ऐसे समय में यदि सत्तारूढ़ दल के भीतर ही विधायकों और संगठन के बीच अविश्वास की स्थिति बनती है तो विपक्ष को इन मुद्दों को राजनीतिक बहस में शामिल करने का अवसर मिल सकता है।

भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को यह समझना होगा कि संगठन का काम विधायकों की घेराबंदी करना नहीं, बल्कि सरकार और जनप्रतिनिधियों के कामकाज का निष्पक्ष मूल्यांकन कर संगठन को मजबूत करना है। कमियां सामने आएं तो उन्हें दूर करने के लिए नेतृत्व तक पहुंचाना चाहिए, न कि व्यक्तिगत राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं के चलते किसी जनप्रतिनिधि की छवि को प्रभावित करने की कोशिश होनी चाहिए।

अब सवाल भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से है कि क्या प्रदेश कार्यालय में होने वाली संगठनात्मक गतिविधियों और हाईकमान तक पहुंचने वाले फीडबैक की निष्पक्ष समीक्षा होगी? क्या जमीनी कार्यकर्ताओं और जनता की राय को प्राथमिकता मिलेगी या कुछ पदाधिकारियों की व्यक्तिगत पसंद-नापसंद ही विधायकों के राजनीतिक भविष्य का आधार बनेगी

2027 के चुनाव से पहले भाजपा को अपने भीतर की इन चर्चाओं और आरोपों की गंभीरता से समीक्षा करनी होगी। क्योंकि चुनाव में पार्टी का मुकाबला विपक्ष से होता है, लेकिन यदि चुनाव से पहले ही पार्टी के भीतर अपने ही जनप्रतिनिधियों के खिलाफ माहौल बनने लगे तो इसका असर संगठनात्मक एकजुटता और चुनावी तैयारियों पर पड़ना स्वाभाविक है।