
ढौंक सकलाना, जौनपुर (टिहरी गढ़वाल)।
राष्ट्रीय इंटर कॉलेज ढौंक सकलाना, जौनपुर में आज पंचायत खेल महाकुंभ 2026 का शानदार आयोजन किया गया। खेल प्रतियोगिता में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और आसमान में गुब्बारे छोडे़ गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी ने दीप प्रज्वलित कर खेल महाकुंभ का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज का युवा सोशल मीडिया, मोबाइल और कंप्यूटर की दुनिया में अधिक समय बिता रहा है, जिसके कारण उसके शारीरिक विकास पर असर पड़ रहा है। ऐसे में युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी अपनी रुचि बढ़ानी चाहिए। खेलों से शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का भी विकास होता है।
खेल महाकुंभ में विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने खो-खो, कबड्डी, भाला फेंक और गोला फेंक सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। भरवा काटल न्याय पंचायत ने भी प्रतियोगिताओं में पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के आयोजक एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य राम अवतार ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें जीवन में अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को स्वस्थ रखने के साथ ही उन्हें संघर्ष और सफलता के लिए तैयार करते हैं।
इस अवसर पर विशेष शिक्षा शिक्षक आशीष सागोई, इंदू सैनी, संजय सेमवाल सहित कई खेल प्रेमी,भरवा काटल न्याय पंचायत के प्रधान, छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीण मौजूद रहे। खेल महाकुंभ को लेकर खिलाड़ियों और क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
